Skip to content
Thursday, November 19, 2026
Good Vibes India Good Vibes India Positive News. Real Stories.
Local

15 दिन में बनाई ऐसी पेंटिंग कि राष्ट्रपति भी हुईं प्रभावित, अब राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में मिलेगी जगह, जानिए, किस कलाकार ने किया ये कमाल

E52097f4 9555 4c48 B91d 7e44802a79df

उदयपुर के चित्रकार डॉ. पुष्कर लोहार ने महज 15 दिनों में 8×6.5 फीट की विशाल मेवाड़ी चित्रकृति तैयार की। राष्ट्रपति ने किया सम्मानित, अब राष्ट्रपति भवन में मिलेगी स्थायी जगह।

GVI NETWORK.   मेवाड़ की पारंपरिक चित्रकला अब देश के सर्वोच्च संवैधानिक भवन राष्ट्रपति भवन के प्रतिष्ठित अशोक हॉल में अपनी पहचान दर्ज कराएगी। उदयपुर के प्रख्यात चित्रकार डॉ. पुष्कर लोहार द्वारा तैयार की गई उदयपुर की ऐतिहासिक पुरानी सिटी की विशाल चित्रकृति को राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में स्थायी रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उनकी कला का अवलोकन कर चित्रकला कौशल और समर्पण की सराहना की। यह उपलब्धि न केवल डॉ. लोहार की तीन दशक से अधिक की कला साधना का सम्मान है, बल्कि मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत के लिए भी गौरव का विषय है।

15 दिन में तैयार की 8×6.5 फीट की विशाल चित्रकृति

राष्ट्रपति भवन में आयोजित 15 दिवसीय विशेष आर्ट रेजीडेंसी में देश की छह पारंपरिक कला शैलियों के चयनित कलाकारों ने भाग लिया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में डॉ. पुष्कर लोहार ने अपनी विशिष्ट मेवाड़ी चित्रशैली के माध्यम से उदयपुर की ऐतिहासिक पहचान को कैनवास पर जीवंत किया। उन्होंने महज 15 दिनों में 8 फीट × 6.5 फीट आकार की विशाल कलाकृति तैयार की।

इस चित्रकृति में उदयपुर की प्राचीन स्थापत्य कला, पारंपरिक भवन निर्माण शैली, ऐतिहासिक प्रवेश द्वारों और शहर की सांस्कृतिक पहचान को बेहद बारीकी से उकेरा गया है। पारंपरिक रंगों, सूक्ष्म रेखांकन और मेवाड़ी चित्रशैली का संयोजन इस कलाकृति को विशिष्ट बनाता है।

सूरजपोल के बारे में राष्ट्रपति ने ली जानकारी

आर्ट रेजीडेंसी के समापन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कलाकारों से संवाद किया और उनकी कलाकृतियों के विषय एवं कला शैली के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने डॉ. पुष्कर लोहार की विशाल पेंटिंग का विशेष रूप से अवलोकन किया।

चित्रकृति में दर्शाए गए उदयपुर के ऐतिहासिक सूरजपोल को देखकर राष्ट्रपति ने उसके बारे में भी जानकारी ली। डॉ. लोहार ने बताया कि यह मेवाड़ की पारंपरिक चित्रशैली में तैयार की गई कलाकृति है। सूरजपोल उदयपुर के प्रमुख ऐतिहासिक प्रवेश द्वारों में से एक है। मेवाड़ी भाषा में 'पोल' का अर्थ द्वार होता है।

इतने बड़े आकार की कलाकृति को महज 15 दिनों में पूरा करने के उनके कला कौशल, समर्पण और परिश्रम की राष्ट्रपति ने सराहना की तथा उनका अभिनंदन किया।

193318dc 77d4 4af5 90fb F9febc1e5338

राष्ट्रपति के आधिकारिक सोशल मीडिया पर भी मिली जगह

इस उपलब्धि को उस समय और विशेष पहचान मिली, जब राष्ट्रपति भवन में कलाकारों के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गईं। इन तस्वीरों में डॉ. लोहार की उपलब्धि को भी स्थान मिला। राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में अपनी कला को स्थायी पहचान मिलना उनके लिए कला यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है।

लघुचित्र और पिछवाई शैली को बड़े कैनवास पर दे रहे नई पहचान

डॉ. पुष्कर लोहार की चित्रकला की विशेषता यह है कि वे मेवाड़ की पारंपरिक लघुचित्र एवं पिछवाई चित्रशैली के मूल तत्वों को संरक्षित रखते हुए उन्हें बड़े आकार के कैनवास पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हैं। उनकी कला में ऐतिहासिक स्थापत्य, सूक्ष्म रेखांकन, पारंपरिक रंग संयोजन और सांस्कृतिक प्रतीकों का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।

राष्ट्रपति भवन की आर्ट रेजीडेंसी के दौरान उन्होंने मुख्य विशाल चित्रकृति के अलावा तीन अन्य चित्रों का भी निर्माण किया। इस तरह 15 दिनों की कला साधना में उन्होंने मेवाड़ की पारंपरिक चित्रकला को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।

जर्मनी से तुर्की तक अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिखाई प्रतिभा

डॉ. पुष्कर लोहार की कला यात्रा केवल देश तक सीमित नहीं रही है। वे जर्मनी, तुर्की, बैंकॉक, सिंगापुर और मालदीव सहित कई देशों में अपनी चित्रकला का प्रदर्शन कर चुके हैं।

जर्मनी के हनोवर शहर में उन्होंने करीब नौ माह तक रहकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने चित्तौड़गढ़ के ऐतिहासिक विजय स्तंभ की 12 फीट ऊंची विशाल कलाकृति तैयार की, जो वहां आने वाले पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी। इसके अलावा उन्होंने समुद्र में विशाल जहाजों को दर्शाती 4×42 फीट आकार की भव्य चित्रकृति भी बनाई।

तुर्की के ऐतिहासिक शहर इस्तांबुल में भी उन्होंने अपनी चित्रकला का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त बैंकॉक, सिंगापुर और मालदीव में अपनी कला के माध्यम से भारतीय पारंपरिक चित्रशैली का प्रतिनिधित्व किया।

1995 में मिला था राजस्थान ललित कला अकादमी पुरस्कार

डॉ. पुष्कर लोहार को वर्ष 1995 में राजस्थान ललित कला अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वे राष्ट्रीय स्तर की अनेक कला प्रदर्शनियों, कला शिविरों और कार्यशालाओं में भाग ले चुके हैं। मेवाड़ी लघुचित्र, पिछवाई और राजस्थान की पारंपरिक चित्रकला उनकी विशेषज्ञता के प्रमुख क्षेत्र हैं।

तीन दशक से अधिक की कला साधना के बाद राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में उनकी कलाकृति को स्थायी स्थान मिलना उनके लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। अब उदयपुर की ऐतिहासिक छवि, मेवाड़ की स्थापत्य विरासत और यहां की पारंपरिक चित्रकला राष्ट्रपति भवन आने वाले विशिष्ट अतिथियों और आगंतुकों के सामने प्रदर्शित होगी।

उनकी कलाकृति को स्थायी स्थान मिलना केवल एक कलाकार की उपलब्धि नहीं, बल्कि मेवाड़ की समृद्ध चित्रकला परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के लिए भी गौरव का विषय है।
G
Written by

Good Vibes India

The Good Vibes India editorial team — positive news, ground reports and people's stories from Udaipur and Rajasthan.

Related Stories

Rajasthan Teaching Associate Exam 2026: 17 नवंबर को परीक्षा, अभ्यर्थी 5 दिन रोडवेज में कर सकेंगे मुफ्त सफर

Rajasthan Teaching Associate Exam 2026 17 नवंबर को होगी। अभ्यर्थियों को 15 से 19 नवंबर तक रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। उदयपुर में 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

Good Vibes India November 16, 2026 48

Udaipur Education Ranking 2026: शाला दर्पण रैंकिंग में उदयपुर फिसड्डी, 41 जिलों में निचले से तीसरे स्थान पर, जानिए, किस जिले की क्या है रैंकिंग

Rajasthan Shala Darpan की अक्टूबर 2026 जिला रैंकिंग में उदयपुर 41 जिलों में 39वें स्थान पर रहा। 60 अंकों के साथ जिला प्रदेश के तीन सबसे पिछड़े जिलों में शामिल हुआ। सीकर 90 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा।

Madhulika Singh November 16, 2026 62

Udaipur Chhath Puja 2026: उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न, झीलों के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

उदयपुर में छठ महापर्व उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। फतहसागर, गोवर्धन सागर सहित शहर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने पारणा किया।

Madhulika Singh November 16, 2026 58

Udaipur-Hyderabad के बीच बढ़ेंगी Indigo की उड़ानें, 21 नवंबर से डेली फ्लाइट, दिसंबर से अतिरिक्त उड़ानें, जानिए, पूरा शेड्यूल

उदयपुर-हैदराबाद के बीच इंडिगो की नई डेली फ्लाइट 21 नवंबर से शुरू होगी। दिसंबर से बुधवार और गुरुवार को भी अतिरिक्त उड़ानें प्रस्तावित। जानें फ्लाइट का समय और पूरा शेड्यूल।

Madhulika Singh November 16, 2026 65