— 6 से 8 फरवरी तक वेदांता उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल का होगा आयोजन, कैलाश खेर लाइव कांसर्ट होगा गांधी ग्राउंड में
— इस साल फेस्टिवल का 10वें वर्ष में प्रवेश, 15 से ज्यादा देशों के 22 अंतरराष्ट्रीय बैंड और दुनियाभर के नामी कलाकार देंगे प्रस्तुति
जीवीआई नेटवर्क। झीलों की नगरी एक बार फिर सुरों की वैश्विक धुनों पर थिरकने के लिए तैयार हो रही है। शहर में 6 से 8 फरवरी तक वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल का आयोजन होगा। इस साल वेदांता उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल अपने 10वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग, सेहर और वेदांता हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के तत्वावधान में होने वाला यह महोत्सव पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा।
इस तीन दिवसीय महोत्सव में 15 से अधिक देशों के 22 अंतरराष्ट्रीय बैंड अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अर्जेंटीना, ईरान, स्वीडन, स्पेन, आइवरी कोस्ट, कुर्दिस्तान, जर्मनी, हंगरी और रीयूनियन आइलैंड सहित कई देशों के कलाकार भारत में मंच साझा करेंगे। इसके साथ ही भारतीय संगीत जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां भी इस वैश्विक संगम का हिस्सा बनेंगी। इसमें सबसे खास आकर्षण भारतीय गायक कैलाश खेर रहेंगे जिनका 6 फरवरी को गांधी ग्राउंड में लाइव कॉन्सर्ट होगा। इनके अलावा भी कई गायक और कलाकार तीन दिनों में प्रस्तुतियां देंगे जिनके नाम भी जल्द ही घोषित किए जाएंगे।
—————————
तीन स्थानों पर होगा आयोजन
महोत्सव का संचालन उदयपुर के तीन प्रतिष्ठित स्थलों पर तीन सत्रों में किया जाएगा। शुरुआत मांझी का घाट पर होगी, जहां सूर्योदय के साथ सिटी पैलेस, जग मंदिर और हेरिटेज होटलों की पृष्ठभूमि संगीत को एक अलग आयाम देगी। इसके बाद दोपहर के सत्र फतहसागर पाल पर आयोजित होंगे, जहां खुले आकाश के नीचे संगीत अपने पूरे विस्तार में श्रोताओं से संवाद करेगा। वहीं, रात में गांधी ग्राउंड में परफॉरमेंस होगी।
———————————
2016 से चली आ रही परंपरा
उदयपुर में वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल की नींव वर्ष 2016 में रखी गई थी। अब तक इसके 7 सफल संस्करण आयोजित हो चुके हैं, जिनमें विश्व के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। फतहसागर की पाल, गांधी ग्राउंड और पिछोला झील के अमराई घाट जैसे स्थलों ने इसे विशिष्ट पहचान दी। कोरोना महामारी के कारण वर्ष 2021 में आयोजन नहीं हो सका, इसके बाद 2023 व 2024 में भी महोत्सव का आयोजन नहीं हो पाया था। ऐसे में ये संस्करण इसका 8वां संस्करण होगा।