गणगौर उत्सव के तहत होगा आयोजन, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की तैयारियां तेज
जीवीआई नेटवर्क। लेकसिटी में होने वाले मेवाड़ महोत्सव को लेकर प्रशासन और पर्यटन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 21 से 23 मार्च तक होने वाले इस उत्सव के दौरान गणगौर सवारी, आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इसी सिलसिले में संबंधित विभागों, होटल प्रतिनिधियों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों की बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में शहर में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निकलेगी गणगौर की सवारियां
कार्यक्रम के तहत 21 मार्च को गणगौर घाट पर समाज की गणगौर की सवारी निकलेगी, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएं और लोक कलाकार शामिल होंगे। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लोकनृत्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 22 और 23 मार्च को भी शहर में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां, लोककलाओं की प्रस्तुतियां और पर्यटकों के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे। प्रशासन का कहना है कि मेवाड़ महोत्सव के जरिए उदयपुर की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर निगम, पर्यटन विभाग, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि यह उत्सव हर साल की तरह इस बार भी भव्य और यादगार बन सके।
गोगुंदा में लगेगा मेला
साथ ही महोत्सव के तहत गोगुन्दा में आयोजित होने वाले मेले के संबंध में भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश स्थानीय सरपंच और वीडीओ की दिए गए। बैठक में बैठक में नगर निगम उपायुक्त दिनेश मंडोवरा, ट्रैफिक डीएसपी अशोक आंजना, पर्यटन उपनिदेशक शिखा सक्सेना समेत आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न होटल्स प्रतिनिधि मौजूद रहे।