मि​लिए, राजस्थान की इन ‘लेडी सिंघम’ से, डॉ. अमृता दुहन और ज्येष्ठा मैत्रेयी की पढ़ें प्रेरक कहानी

sp amrita duhan

महिला एसपी के नेतृत्व से कानून व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा, अपराधियों पर सख्त और समाज के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग

जीवीआई नेटवर्क। राजस्थान के उदयपुर संभाग में पहली बार ऐसा दौर देखने को मिल रहा है जब पुलिस व्यवस्था की कमान दो सशक्त महिला आईपीएस अधिकारियों के हाथों में होगी। उदयपुर में डॉ. अमृता दुहन और बांसवाड़ा में ज्येष्ठा मैत्रेयी पुलिस अधीक्षक के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगी। यह केवल प्रशासनिक नियुक्ति नहीं, बल्कि नारी शक्ति, नेतृत्व क्षमता और बदलते भारत की नई तस्वीर का प्रतीक भी है। इन दोनों अधिकारियों की नियुक्ति से यह संदेश स्पष्ट है कि आज महिलाएं न केवल समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, बल्कि कानून व्यवस्था जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में भी निर्णायक भूमिका निभा रही हैं।

‘लेडी सिंघम’ डॉ. अमृता दुहन : डॉक्टर से आईपीएस तक प्रेरणादायक सफर

sp amrita duhan

हरियाणा के रोहतक की रहने वाली 2016 बैच की आईपीएस अधिकारी डॉ. अमृता दुहन आज देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। वर्तमान में श्रीगंगानगर की एसपी रह चुकी अमृता दुहन अपनी सख्त कार्यशैली, अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस और संवेदनशील पुलिसिंग के कारण ‘लेडी सिंघम’ के नाम से जानी जाती हैं। डॉ. अमृता दुहन ने एमबीबीएस के बाद पैथोलॉजी में एमडी और डीएनबी की डिग्री प्राप्त की और बीपीएस मेडिकल कॉलेज फॉर वुमेन में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्य किया। इसी दौरान विवाह और बेटे समर के जन्म के बाद भी उनके भीतर आईपीएस बनने का सपना जीवित रहा। परिवार और जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने कड़ी मेहनत की और 33 वर्ष की उम्र में 2016 में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस अधिकारी बन गईं। उनकी यह उपलब्धि उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो परिस्थितियों के कारण अपने सपनों को अधूरा छोड़ देते हैं। पुलिस सेवा में आने के बाद डॉ. अमृता दुहन ने कई जिलों में प्रभावी काम किया। प्रतापगढ़ में वे दूसरी महिला एसपी के रूप में तैनात रहीं। श्रीगंगानगर में उन्होंने ‘ऑपरेशन फ्रीज’ चलाकर नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों को फ्रीज करवाया, जिससे अपराधियों में कड़ा संदेश गया कि कानून से बचना आसान नहीं है।
कोटा में तैनाती के दौरान उन्होंने कोचिंग छात्रों की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन ऐप शुरू करवाया और समय-समय पर छात्रों से संवाद कर उन्हें सकारात्मक सोच और मानसिक मजबूती का संदेश दिया


ज्येष्ठा मैत्रेयी : ज्ञान, संस्कार और सेवा का संगम

उधर बांसवाड़ा जिले की कमान संभालने जा रहीं 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी ज्येष्ठा मैत्रेयी भी युवाओं के बीच प्रेरणा का बड़ा नाम बन चुकी हैं। मध्यप्रदेश के गुना जिले में जन्मी ज्येष्ठा के पिता गिरीश चंद्र आर्य बिजली विभाग में कार्यरत रहे, जबकि उनकी माता मंजू देवी स्कूल प्राचार्य रहीं। परिवार से मिले संस्कार, अनुशासन और सेवा भाव ने उन्हें सिविल सेवा की राह पर आगे बढ़ाया।
विशेष बात यह है कि उन्होंने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस बनने का गौरव हासिल किया। ज्येष्ठा मैत्रेयी केवल एक पुलिस अधिकारी ही नहीं, बल्कि युवाओं के लिए मार्गदर्शक भी हैं। वे देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को व्याख्यान, संवाद और मार्गदर्शन के माध्यम से प्रेरित करती रही हैं। उनके व्याख्यानों में केवल परीक्षा रणनीति ही नहीं, बल्कि संघर्ष, अनुशासन, आत्मविश्वास और समाज सेवा का संदेश भी होता है। बांसवाड़ा में जिम्मेदारी संभालने के साथ ही ज्येष्ठा मैत्रेयी का फोकस जनसंवाद, अपराध नियंत्रण और महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा पर रहेगा। वे मानती हैं कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास जितना मजबूत होगा, समाज उतना ही सुरक्षित बनेगा। जनजातीय अंचल में वे युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने और उन्हें सही दिशा देने की पहल भी करेंगी।

उदयपुर संभाग की पहली आईजी रह चुकीं आईपीएस बिनिता ठाकुर

इससे पहले 1996 बैच की आईपीएस बिनिता ठाकुर जुलाई 2019 में उदयपुर रेंज की पहली महिला आईजी बनी थीं। उनका कार्यकाल भी महिला नेतृत्व की मजबूत पहचान के रूप में याद किया जाता है। डॉ. अमृता दुहन और ज्येष्ठा मैत्रेयी की नियुक्ति इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उदयपुर संभाग में महिला नेतृत्व की नई मिसाल पेश कर रही हैं। ये केवल दो आईपीएस अधिकारियों की नियुक्ति भर नहीं है, बल्कि यह उस बदलते समाज की तस्वीर है जहां महिलाएं साहस, संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता के साथ हर क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं। इन दोनों अधिकारियों की मौजूदगी से उदयपुर संभाग में कानून व्यवस्था को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ हजारों युवाओं, खासकर बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला भी मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Top Categories

मि​लिए, राजस्थान की इन ‘लेडी सिंघम’ से, डॉ. अमृता दुहन और ज्येष्ठा मैत्रेयी की पढ़ें प्रेरक कहानी - goodvibesindia