KBC Season 18 में उदयपुर के डॉ. अनुज भटनागर अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे और 5 लाख रुपए जीते। गजल-शायरी से जीता बिग बी का दिल, पत्नी ने मांगा हीरे का हार
जीवीआई नेटवर्क। उदयपुर के रहने वाले डॉ. अनुज भटनागर ने लोकप्रिय टीवी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC Season 18) में हॉट सीट पर पहुंचकर शहर का नाम रोशन किया। गुरुवार रात प्रसारित हुए विशेष एपिसोड में डॉ. अनुज भटनागर महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे और अपने ज्ञान व आत्मविश्वास के साथ सवालों का सामना किया। शो में उन्होंने 5 लाख रुपए की राशि जीती।केबीसी में डॉ. अनुज भटनागर की मौजूदगी सिर्फ सवाल-जवाब तक सीमित नहीं रही। उन्होंने कविता, शायरी और गजल के प्रति अपने प्रेम के बारे में अमिताभ बच्चन से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी कविताओं और गजलों के कुछ अंश भी सुनाए, जिससे कार्यक्रम का माहौल ज्ञान के साथ साहित्य और संगीत से भी जुड़ गया। कार्यक्रम में डॉ. अनुज की पत्नी रितु भटनागर और बेटे हर्षवर्धन भटनागर भी मौजूद रहे। परिवार की मौजूदगी ने इस पूरे एपिसोड को और खास बना दिया।
अमिताभ बच्चन ने सुनाया जगजीत सिंह से जुड़ा संस्मरण
डॉ. अनुज भटनागर से जब गजल के प्रति उनके प्रेम के बारे में बातचीत हुई तो अमिताभ बच्चन ने भी गजल गायक जगजीत सिंह से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं।अमिताभ बच्चन ने जगजीत सिंह की गाई गजल ‘आहिस्ता-आहिस्ता’ का जिक्र करते हुए इसे अपनी पसंदीदा गजलों में शामिल बताया। उन्होंने जगजीत सिंह और अपने बाबूजी एवं प्रसिद्ध कवि डॉ. हरिवंश राय बच्चन के बीच रहे आत्मीय संबंधों को भी याद किया। इस दौरान केबीसी का मंच ज्ञान और मनोरंजन के साथ कविता, शायरी और गजल की खूबसूरती से भी सराबोर नजर आया।

पत्नी रितु ने गजल गाकर मांगा हीरे का हार
केबीसी के इस एपिसोड में डॉ. अनुज भटनागर की पत्नी रितु भटनागर ने भी अपने अंदाज से खूब सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने गजल की पंक्तियां गाते हुए कहा— “पन्ना की तमन्ना है कि हीरा मुझे मिल जाए…” इसके बाद रितु ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अनुज ने आज तक उनके लिए कोई गजल या शायरी नहीं लिखी है। ऐसे में उन्हें इसकी सजा के तौर पर हीरे का हार देना चाहिए। पत्नी की इस फरमाइश पर अमिताभ बच्चन भी मुस्कुरा दिए और उन्होंने अनुज से मजाकिया अंदाज में कहा कि अब यह इच्छा उन्हें पूरी करनी होगी। शो का यह हल्का-फुल्का पारिवारिक पल दर्शकों को खासा पसंद आया।