Udaipur के MB Hospital में अब पान-गुटखा थूकना पड़ेगा महंगा, 16 अक्टूबर से लगेगा 100 रुपए जुर्माना
Udaipur MB Hospital में 15 दिन चलेगा जागरूकता अभियान, फिर CCTV की निगरानी में होगी कार्रवाई; स्टाफ के लिए भी जीरो टॉलरेंस
जीवीआई नेटवर्क। उदयपुर के एमबी अस्पताल (MB Hospital) में अब पान, गुटखा और तंबाकू खाकर थूकना भारी पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने परिसर को तंबाकू मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए एंटी-स्पिटिंग और तंबाकू निषेध नीति लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत 16 अक्टूबर 2026 से अस्पताल परिसर में पान-गुटखा-तंबाकू खाने या थूकने पर 100 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा।
इससे पहले 1 से 15 अक्टूबर तक जागरूकता और काउंसलिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मरीजों, परिजनों और अस्पताल आने वाले लोगों को तंबाकू सेवन और सार्वजनिक स्थान पर थूकने से होने वाले नुकसान के बारे में समझाया जाएगा।
15 दिन समझाइश, फिर होगी सख्ती
अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन की ओर से जारी नीति के अनुसार पहले चरण में नर्सिंग अधीक्षक, वार्ड सुपरवाइजर, सुरक्षा गार्ड और काउंसलर लोगों को जागरूक करेंगे। इसी दौरान अस्पताल परिसर और कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
16 अक्टूबर से नियम तोड़ने पर प्रति उल्लंघन 100 रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा।

CCTV कैमरों से होगी निगरानी
एमबी अस्पताल के उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी जहां गंदगी और थूकने की समस्या अधिक रहती है। इनमें सीढ़ियां, शौचालय, वार्ड के कोने, कैंटीन क्षेत्र, ओपीडी बरामदे और लिफ्ट शामिल हैं।
नर्सिंग अधीक्षक, वार्ड सुपरवाइजर, सुरक्षा गार्ड और स्वच्छता निरीक्षक की संयुक्त टीम भी अस्पताल परिसर का नियमित निरीक्षण करेगी।
डॉक्टर और कर्मचारियों पर भी लागू होगा नियम
अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारियों के लिए भी सख्त नियम तय किए हैं। डॉक्टर, नर्सिंग अधिकारी, कर्मचारी, इंटर्न या सफाईकर्मी परिसर में पान-गुटखा या तंबाकू खाते अथवा थूकते पाए गए तो उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र में काउंसलिंग और उपचार के लिए भेजा जाएगा।
अस्पताल परिसर में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक
अस्पताल के भीतर संचालित दुकानों और कैंटीन में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा और पान-मसाला की बिक्री पर भी रोक रहेगी। लोगों को जागरूक करने के लिए परिसर में पोस्टर, बैनर और वॉल पेंटिंग लगाए जा रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन ने मरीजों, परिजनों, कर्मचारियों और आगंतुकों से एमबी अस्पताल को स्वच्छ और तंबाकू मुक्त रखने की अपील की है।